मुरादाबाद। विकास भवन के बापू सभागार में जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड और राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तय लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
छात्रवृत्ति योजना में लापरवाही पर सख्ती
छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कई विद्यालयों द्वारा छात्रों के आवेदन पत्र समय से जमा नहीं किए गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि वे स्वयं विद्यालयों का निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराएं और पात्र छात्रों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

फैमिली आईडी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
फैमिली आईडी के निर्माण में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और विभागवार लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर जोर
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जनपद की सभी गौशालाओं में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए जाएं। साथ ही गौवंश के टीकाकरण, हरे चारे की उपलब्धता और जलभराव की समस्या के समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और पशु चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
विद्युत विभाग को चेतावनी
बिजली कनेक्शन और खराब ट्रांसफार्मरों को लेकर मिल रही शिकायतों पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है। विभाग को निर्देश दिए गए कि शिकायतों की जांच कर उनका त्वरित निस्तारण किया जाए।

किसानों से जुड़े मुद्दों पर समीक्षा
कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने किसानों को समय से बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। फसल बीमा के अंतर्गत क्षतिग्रस्त फसलों का शीघ्र आकलन कर पात्र किसानों को लाभ देने पर जोर दिया गया। बीमा कंपनियों और बैंकों द्वारा भुगतान में देरी पाए जाने पर संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश एलडीएम को दिए गए।
श्रम विभाग और अन्य योजनाओं पर फोकस
श्रम विभाग को निर्देशित किया गया कि वह अपनी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करे और पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक जोड़े। कन्या विवाह सहायता योजना के तहत पात्रों की पहचान कर शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के संतोषजनक निस्तारण और फीडबैक लेने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पीएम कुसुम, आईसीडीएस, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पारिवारिक लाभ योजना, गन्ना मूल्य भुगतान, भवन एवं सड़क निर्माण कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती संगीता गौतम, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
