मुरादाबाद। जनपद पुलिस की दो महिला कर्मियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर सतपाल अंतिल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने उन्हें सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया।

महिला हेड कांस्टेबल अमीरन बानो ने 28 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक तिरुवनंतपुरम के चंद्रशेखरन नायर स्टेडियम / यूनिवर्सिटी स्टेडियम में आयोजित 46वीं नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में प्रतिभाग किया। उन्होंने 5 किमी दौड़ और 5 किमी वॉक रेस में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से पुलिस विभाग और जनपद को गौरव की अनुभूति हुई है।

इसी क्रम में कांस्टेबल पुष्पा चाहर ने 8 फरवरी 2026 को गाजियाबाद के साहिबाबाद में आयोजित “डगर इंडियन क्लासिक 2026” बॉडी बिल्डिंग एवं पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। डेड लिफ्ट और बेंच प्रेस स्पर्धाओं में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल एवं दो शील्ड जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
दोनों महिला कर्मियों को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए सम्मानित करते हुए अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इन उपलब्धियों से विभाग के अन्य कर्मियों को भी प्रेरणा मिलेगी और खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा।
