मुरादाबाद। शहर के मझोला थाना क्षेत्र में दो छात्राओं पर हुए हमले की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। कोचिंग से घर लौटते समय सुनसान रास्ते में हुई इस वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। फुटेज में दो युवक चेहरे ढके हुए लोहे की रॉड के साथ छात्राओं का पीछा करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि 11 फरवरी को 17 और 18 वर्षीय छात्राएं रोजाना की तरह कोचिंग से वापस घर जा रही थीं। रास्ते में एक एकांत गली में पहुंचते ही दोनों हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि छात्राओं को लोहे की रॉड से पीटा गया। उनके शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं से जानकारी ली। हालांकि परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने बिना मेडिकल कराए ही उन्हें घर भेज दिया। जब मामला सार्वजनिक हुआ तो करीब एक दिन बाद मुकदमा दर्ज किया गया। छात्राओं का मेडिकल परीक्षण 13 फरवरी को कराया गया, जो घटना के दो दिन बाद था।
मामले में नया मोड़ तब आया जब एक पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में एक भाजपा नेत्री पर दबाव बनाने और धमकाने का आरोप लगाया। इस दावे के बाद घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। इलाके के लोगों ने इस घटना को लेकर रोष जताया है और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
