मुरादाबाद। महाशिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा के साथ थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र के कस्बा ठाकुरद्वारा स्थित प्रमुख मंदिरों पर लगाई गई सुरक्षा ड्यूटी का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसरों, मार्गों और संवेदनशील स्थलों का बारीकी से जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

इस अवसर पर प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रियों का विशेष स्वागत भी किया गया। यात्रियों को सूक्ष्म जलपान वितरित किया गया तथा पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां दुरुस्त रखी जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस प्रशासन की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत दिखाई दिया और कांवड़ यात्रियों ने भी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
