मुरादाबाद। थाना मझोला थाना क्षेत्र में 12 फरवरी की शाम सास की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा भी बरामद किया है। वारदात में शामिल उसके एक साथी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, मंसूरी कॉलोनी स्थित सफेद कोठी के पास 45 वर्षीय रुखसाना की उनके दामाद गुलनवाज ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के समय उसके साथ उसका मित्र मुस्तफा भी मौजूद था। मामले में मृतका की पुत्री शाइबा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान गठित पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपी गुलनवाज पुत्र स्व. हनीफ, निवासी पंडित नगला थाना कटघर को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व शाइबा से हुआ था। घरेलू विवाद के चलते पत्नी मायके में रह रही थी। वह अपने दोस्त मुस्तफा के साथ पत्नी को लेने जयंतीपुर गया था, जहां कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर उसने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे रुखसाना की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
