मुरादाबाद। जनपद के भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार को दी तहरीर में बताया कि उसके माता-पिता किसी काम से कलियर गए हुए थे। घर पर वह और उसकी 12 वर्षीय छोटी बहन ही मौजूद थीं। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे उसकी बहन गांव की एक दुकान से सामान लेने चली गई। इसी दौरान पड़ोसी इस्तयाक पुत्र बब्बन मौका पाकर उसके घर में घुस आया।
आरोप है कि घर में अकेला पाकर उसने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती द्वारा शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घबराई युवती ने पड़ोसी के परिजनों को पूरी बात बताई, लेकिन आरोप है कि वहां भी उसे न्याय नहीं मिला।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस्तयाक के माता-पिता और भाई से शिकायत की तो उन्होंने उल्टा उसे ही धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि परिजनों ने गालियां दीं, मारपीट की और चेतावनी दी कि यदि उसने थाने में शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा।
घटना से डरी-सहमी युवती ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने की संबंधित धाराओं में चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
