मुरादाबाद। आगामी रमजान, होली और ईद के मद्देनज़र सोमवार को भोजपुर थाने में अमन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिप्टी एसपी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह ने हिंदू और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की।

बैठक में त्योहारों के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं, जुलूस मार्ग, नमाज स्थलों, होलिका दहन स्थल एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। डिप्टी एसपी ने थाना पुलिस को निर्देश दिए कि बैठक में उठाई गई समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। किसी भी व्यक्ति द्वारा नई परंपरा शुरू करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने समाज के जिम्मेदार लोगों से भी अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

बैठक में कस्बा चौकी इंचार्ज जुगेन्द्र तेवतिया, उपनिरीक्षक माही अब्बास, कुलदीप, अमजद चौधरी, नीरज सहित नगर इमाम मौलाना हनीफ मिस्बाही, मौलाना अशफाक, मुफ्ती यासीन, प्रधान नवाब अली, सभासद तौकीर कुरैशी, यासीन मलिक, ताहिर हुसैन, पूर्व सभासद अशफाक खां, सभासद प्रतिनिधि इस्तेकार एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर शांति और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
