मुरादाबाद। मुंढापांडे थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के आवास में 15 वर्षीय किशोर का संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया।
मृतक की पहचान यश कुमार (15) के रूप में हुई है, जो सेंट पॉल स्कूल रामपुर में कक्षा 9 का छात्र था। बताया जा रहा है कि घटना देर शाम की है। उस समय घर पर कोई परिजन मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, यश के पिता कुलदीप कुमार भारती मुंढापांडे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक के पद पर तैनात हैं और घटना के समय ड्यूटी पर थे, जबकि उसकी मां किसी कार्य से बाजार गई हुई थीं। इसी दौरान यह दर्दनाक घटना घटित हो गई।
परिवार को जब घटना की जानकारी मिली तो कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल किशोर द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।
