मुरादाबाद। SIR कार्य के दौरान असामयिक निधन का शिकार हुई बीएलओ गुलनाज तबस्सुम के परिवार को समाजवादी पार्टी की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भेजे गए पार्टी फंड से दो लाख रुपये का चेक शनिवार को जिला सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान परिजनों को सौंपा गया।
यह चेक सपा जिलाध्यक्ष जयवीर यादव ने मृतका के पति, बेटे, बेटी और सास को सुपुर्द किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शोक संवेदना व्यक्त करते हुए गुलनाज तबस्सुम के योगदान को याद किया गया।

गौरतलब है कि गुलनाज तबस्सुम 2 फरवरी को SIR कार्य में लगी हुई थीं, इसी दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। वह मुरादाबाद के बूथ संख्या 78 स्थित कंपोजिट विद्यालय मुगलपुरा में बीएलओ के रूप में तैनात थीं। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों की मदद करना सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसे हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और भविष्य में भी हर संभव सहयोग करती रहेगी।
उन्होंने यह भी मांग की कि शासन स्तर पर भी मृतक कर्मियों के परिजनों को समुचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए, ताकि उनके बच्चों की शिक्षा और परिवार के भरण-पोषण में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
