मुरादाबाद। जनपद के बिलारी थाना क्षेत्र के सनाई गांव में अंतरधार्मिक विवाह का मामला सामने आया है। गांव की रहने वाली मुनतरीन नामक युवती ने अजय कश्यप नामक युवक के साथ विवाह कर लिया। विवाह के बाद युवती ने अपना नाम बदलकर मुस्कान रख लिया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच पिछले कुछ समय से परिचय था, जो बाद में विवाह के निर्णय तक पहुंचा। बताया जा रहा है कि दोनों बालिग हैं और उन्होंने अपनी स्वेच्छा से साथ जीवन बिताने का फैसला किया। इसके बाद दोनों ने एक शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर शादी की रस्में पूरी कीं।

विवाह के बाद दंपति ने आशंका जताई है कि उनके इस कदम से परिजन नाराज हो सकते हैं। उन्होंने परिजनों से जान का खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। दंपति का कहना है कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से विवाह किया है, इसलिए उन्हें संरक्षण दिया जाए।
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि यदि दंपति की ओर से लिखित शिकायत या सुरक्षा संबंधी प्रार्थना पत्र प्राप्त होता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

गांव और आसपास के क्षेत्रों में इस विवाह को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
