मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह के साथ रिजर्व पुलिस लाइन, मुरादाबाद स्थित सभागार में कोर्ट पैरोकारों एवं कोर्ट मोहर्रिरों की गोष्ठी आयोजित की।

गोष्ठी में जनपद के विभिन्न थानों से नियुक्त कोर्ट पैरोकारों और कोर्ट मोहर्रिरों को न्यायालयी कार्यों में सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि न्यायालयों में लंबित मामलों की मजबूत पैरवी और समयबद्ध कार्रवाई से ही अपराधियों को सजा दिलाई जा सकती है।

उन्होंने निर्देशित किया कि न्यायालय में पेशी के दौरान केस डायरी, गवाहों की उपस्थिति, समन-वारंट की तामील और अभिलेखों की पूर्णता सुनिश्चित की जाए। अभियोजन पक्ष के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा प्रत्येक मामले की प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक नगर और ग्रामीण ने भी न्यायालयी कार्य में लापरवाही न बरतने, समय पर सूचनाएं उपलब्ध कराने तथा वादों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गोष्ठी का उद्देश्य न्यायालयों में पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा दोषियों को समय से दंडित कराने की प्रक्रिया को प्रभावी करना बताया गया।
