रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस भीषण हादसे का शिकार हो गई। खराब मौसम के कारण विमान चतरा जिले के सिमरिया इलाके के घने जंगलों में क्रैश हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में विमान में सवार मरीज, उनकी पत्नी, डॉक्टर, नर्स और दोनों पायलट समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, रेड बर्ड एविएशन कंपनी का यह विमान रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। लातेहार के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार, जो 55% तक झुलस गए थे, उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से दिल्ली ले जाया जा रहा था।
शाम करीब 7:30 बजे चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के कासियातु के करमटांड जंगल के ऊपर से गुजरते समय अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल से विमान का संपर्क टूट गया। उसी दौरान इलाके में तेज तूफान, बिजली की कड़कड़ाहट और मूसलाधार बारिश हो रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खराब मौसम की वजह से विमान अनियंत्रित होकर जंगल में गिर गया।
हादसे में जान गंवाने वाले लोग
इस हादसे में जिन लोगों की मौत हुई, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है:
- विवेक विकास भगत – पायलट
- सबराजदीप सिंह – पायलट
- संजय कुमार – मरीज
- अर्चना देवी – परिजन
- धूरू कुमार – परिजन
- विकास कुमार गुप्ता – डॉक्टर
- सचिन कुमार मिश्रा – नर्स
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जिला प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मलबे से एक महिला और छह पुरुषों के शव बरामद किए गए। फिलहाल पूरे क्रैश साइट को सुरक्षा के मद्देनजर सील कर दिया गया है और मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में खराब मौसम और तेज तूफान को हादसे की वजह माना जा रहा है। सिविल एविएशन मंत्रालय की टीम भी मौके पर पहुंचकर ब्लैक बॉक्स की तलाश करेगी, ताकि दुर्घटना की असली वजह का पता लगाया जा सके।
