मुरादाबाद। आगामी त्यौहार होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशानुसार थाना भोजपुर पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च किया।

थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों तथा चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल ने मार्च कर सुरक्षा का एहसास कराया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने सुनिश्चित किया कि होलिका दहन निर्धारित स्थानों पर ही हो तथा किसी प्रकार की अव्यवस्था, यातायात बाधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित उपयोग, बिजली के तारों से दूरी बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपेक्षा की। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शरारती तत्वों, हुड़दंग करने वालों एवं कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनसहयोग से होली का पर्व आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे के साथ संपन्न कराया जाएगा।
