मुरादाबाद। थाना मझोला क्षेत्र के जयन्तीपुर मोहल्ले में आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 मार्च 2026 को वादी तालिब हुसैन पुत्र कदीर निवासी जयन्तीपुर, थाना मझोला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर अभियुक्तगण ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोप है कि अभियुक्ता द्वारा उनके सिर पर चाकू से वार किया गया, जिससे वह घायल हो गए। इतना ही नहीं, मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया। थाना मझोला पर मु0अ0सं0 214/2026 अंतर्गत धारा 109(1), 115(2), 351(2), 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान 03 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने अभियुक्ता शबाना पत्नी सलीम निवासी जयन्तीपुर, थाना मझोला, जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
