मुरादाबाद। शहर के नामचीन बेकरी ब्रांड ‘टेम्पटेशन’ पर बुधवार को फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी छापेमारी करते हुए सख्त कार्रवाई की। मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित टेम्पटेशन के गोदाम (फैक्ट्री) और बेकरी से जुड़ा है, जहां टीम को वेज प्रोडक्ट्स बेचने वाले प्रतिष्ठान में कथित रूप से चिकन पाउडर मिलने की सूचना पर छापा मारा गया।

वेज ब्रांड पर नॉनवेज सामग्री मिलने से हड़कंप
फूड सेफ्टी अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच के दौरान गोदाम से संदिग्ध चिकन पाउडर बरामद हुआ। यह सामग्री ऐसे प्रतिष्ठान में मिली, जो खुद को पूरी तरह वेज बेकरी प्रोडक्ट्स का विक्रेता बताता है। इस खुलासे के बाद विभाग ने कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

एक्सपायरी प्रोडक्ट्स का जखीरा
छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में एक्सपायरी फूड प्रोडक्ट्स भी मिले। टीम ने मौके पर ही कई उत्पादों को जब्त कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि एक्सपायरी सामान की बिक्री उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कई हिस्से सीज, सैंपल लैब भेजे जाएंगे
कार्रवाई के दौरान गोदाम के कई हिस्सों को सीज कर दिया गया। एक दर्जन से अधिक फूड सैंपल जांच के लिए कब्जे में लेकर प्रयोगशाला भेजने की तैयारी की जा रही है। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
मंडल का नामचीन प्रतिष्ठान पर रहा था मिलावट
बताया जा रहा है कि ‘टेम्पटेशन’ मुरादाबाद-बरेली मंडल का एक चर्चित बेकरी ब्रांड है। ऐसे में इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सेहत से समझौता करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
फूड सेफ्टी विभाग के अनुसार, यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है।
फिलहाल पूरे मामले में लैब रिपोर्ट का इंतजार है। विभाग की इस बड़ी कार्रवाई के बाद शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
