मुरादाबाद। मुरादाबाद देहात के भगतपुर थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही तीन लोगों ने युवक के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भगतपुर थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी मोंटी सिंह मंगलवार की रात गांव के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान गांव के ही तीन लोगों से उनका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों लोगों ने मोंटी सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मारपीट के बाद परिजन उन्हें घर ले आए, लेकिन अगले दिन सुबह उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। काफी देर तक जब वह नहीं उठे तो परिजन घबरा गए और उन्हें तुरंत एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहां डॉक्टर ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए तत्काल बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद परिजन मोंटी सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही भगतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सीओ ठाकुरद्वारा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए।

मृतक की पत्नी कुंती देवी ने गांव के ही तीन लोगों पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मारपीट के कारण ही उनके पति की जान गई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
