मुरादाबाद। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित एमडीए रोड पर एक रेस्टोरेंट/कैफे के उद्घाटन समारोह में पहुंचे भाजपा नेता संगीत सोम ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला और आगामी चुनावों को लेकर बड़ा दावा भी किया।
कैफे के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए संगीत सोम ने बिहार की राजनीति पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर विपक्ष अनावश्यक बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से उनका व्यक्तिगत और राजनीतिक निर्णय है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद अखिलेश यादव लगातार ऐसे बयान देते रहते हैं जिन्हें समझना मुश्किल होता है।
अखिलेश यादव पर साधा ये निशाना
संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव अब सत्ता में वापस नहीं आ सकते। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा का दौर अब खत्म हो चुका है और यह मुगलकाल के आखिरी शासन की तरह है। उनका कहना था कि जब भी चुनाव आते हैं तो कभी ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं तो कभी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाते हैं।
उन्होंने अखिलेश यादव द्वारा दिए गए PDA के नारे पर भी कटाक्ष करते हुए इसकी फुल फॉर्म “पाकिस्तान डेवलपमेंट अथॉरिटी” बताई और आरोप लगाया कि सपा नेताओं की राजनीति मुस्लिम तुष्टिकरण और पाकिस्तान प्रेम के इर्द-गिर्द घूमती रही है।
ईरान-इजरायल तनाव पर प्रतिक्रिया
अंतरराष्ट्रीय हालात और Iran तथा Israel के बीच बढ़ते तनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि युद्ध किसी के लिए भी अच्छा नहीं होता। भारत की नीति हमेशा से शांति की रही है और देश चाहता है कि दुनिया में शांति बनी रहे तथा किसी भी देश के लोगों की जान न जाए।
बाबरी मुद्दे पर भी दिया बयान
टीएमसी सांसद के बयान से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि देश में दोबारा बाबरी जैसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बाबर के नाम पर एक ईंट भी नहीं लगने दी जाएगी और अगर ऐसा कोई प्रयास हुआ तो उसे शुरुआत में ही रोक दिया जाएगा।
2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा
उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगीत सोम ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी 350 से अधिक सीटों के साथ फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले वर्षों में हुए विकास को देखते हुए जनता ने मन बना लिया है कि एक बार फिर भाजपा को ही सत्ता में लाना है।
मुरादाबाद के विकास की सराहना
मुरादाबाद के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि शहर में हुए विकास को देखकर उन्हें खुशी हुई है। उनका कहना था कि आज का मुरादाबाद पहले से काफी बदला हुआ नजर आता है और कई मामलों में यह विदेशी शहरों की तरह विकसित होता दिख रहा है।
