उत्तर प्रदेश की चर्चित आईपीएस जोड़ी Anshika Verma और Krishna Kumar Bishnoi अब जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही है। दोनों अधिकारी 29 मार्च को राजस्थान के जोधपुर में सात फेरे लेंगे। संभल के एसपी केके बिश्नोई और बरेली के एसपी साउथ अंशिका वर्मा की शादी से पहले होने वाली हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसी रस्मों की तैयारियां भी तय हो चुकी हैं।
दोनों अफसर अपनी सख्त कार्यशैली और कानून व्यवस्था को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इस बार चर्चा उनकी निजी जिंदगी की खुशखबरी को लेकर हो रही है। राजस्थान और प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले इन दोनों अधिकारियों ने अपने व्यस्त और शानदार करियर के बीच अब जीवनसाथी बनने का फैसला किया है।
2018 बैच के आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई राजस्थान के बाड़मेर के रहने वाले हैं और फिलहाल संभल में एसपी के पद पर तैनात हैं। संभल में रहते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई सख्त कदम उठाए। उनके साहसिक फैसलों और प्रशासनिक क्षमता की सराहना प्रदेश सरकार तक ने की है। साल 2024 में उन्हें गोरखपुर से संभल भेजा गया था, जहां उन्होंने आते ही अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बना ली।
वहीं 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं और इस समय बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं। बरेली में उन्होंने एनडीपीएस, हत्या और कई जटिल मामलों को कम समय में सुलझाकर अपनी मजबूत छवि बनाई है। उनके सख्त और प्रभावी फैसलों की सराहना सरकार और प्रशासन दोनों स्तर पर की जा चुकी है।
संभल में 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान भड़की हिंसा को भी केके बिश्नोई ने महज दो घंटे में काबू कर लिया था। उन्होंने सख्त कार्रवाई करते हुए सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क समेत हजारों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसके अलावा उन्होंने बिजली चोरी के खिलाफ भी बड़ा अभियान चलाया, जिसकी चर्चा प्रदेश भर में हुई।
इधर अंशिका वर्मा ने साल 2025 में उत्तर प्रदेश की पहली ‘वीरांगना यूनिट’ का गठन किया, जिसमें महिला कमांडो को ताइक्वांडो और दंगा नियंत्रण की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए उठाए गए इस कदम की काफी सराहना हुई। इसके अलावा उन्होंने कई बड़े आपराधिक मामलों का खुलासा कर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
अब अपने दमदार प्रशासनिक सफर के बीच ये दोनों अधिकारी 29 मार्च को जोधपुर में शादी कर जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं।
