मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव सहेल में खूंटी काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की ओर से ग्राम सहेल निवासी चरणजीत सिंह पुत्र स्व. खमानगी सिंह ने भोजपुर थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह अपने पराल की खूंटी कटवाने के लिए गया था। इसी दौरान गांव के ही कमल पुत्र टीकाराम वहां आ गया और खूंटी काटने का विरोध करने लगा। आरोप है कि कमल ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से हमला करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर जब उसकी मां मौके पर पहुंचीं तो आरोपी ने घर में घुसकर उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से कमल पुत्र टीकाराम ने भी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के ही चरणजीत, रोहित, धर्मपाल और सुमित उसकी जगह पर जबरन खूंटी काट रहे थे। मना करने पर सभी लोगों ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर भोजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक योगेश प्रकाश शुक्ला को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
