मुरादाबाद। भोजपुर थाना पुलिस ने इस्लामनगर स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा में सेंध लगाकर चोरी करने की साजिश का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वारदात में प्रयुक्त औजार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 28 फरवरी 2026 को इस्लामनगर स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा की दीवार में कूमल लगाकर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी का प्रयास किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में भोजपुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को इस्लामनगर चौराहे के पास इतवार बाजार में बने एक खुले कोठे से चार संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जीतू पुत्र राजवीर, अंजू पुत्र महावीर, रुस्तम पुत्र सूरज सिंह और रोहित उर्फ मुंशी पुत्र तेजपाल, निवासी ग्राम गोहपुर सुल्तानपुर थाना भोजपुर जनपद मुरादाबाद शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अक्सर नशा करते हैं और नशे व अन्य खर्चों के लिए पैसे की जरूरत के चलते उन्होंने बैंक में चोरी करने की योजना बनाई थी। 28 फरवरी की रात करीब एक बजे चारों आरोपी जंगल के रास्ते से होकर बैंक के पास पहुंचे और छेनी, हथौड़ा व सुम्मा जैसे औजारों से बैंक की दीवार काटकर अंदर घुसने की कोशिश की।
आरोपियों के अनुसार जब वे बैंक के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी दीवार काटने की आवाज सुनकर पास के स्कूल और बैंक का चौकीदार वहां पहुंच गया। चौकीदार के आने पर उन्होंने उसे धमकाकर वहां से चुपचाप बैठने के लिए कहा और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में दबिश दी। रविवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक हथौड़ा, छेनी, सुम्मा और उंडा बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ भोजपुर थाने में मुकदमा दर्ज है। इनमें से कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल सरवर अली, हेड कांस्टेबल देवेंद्रपाल सिंह और कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे@ZAFAR-INN
