मुरादाबाद। थाना मझोला क्षेत्र में बहन की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2026 को थाना मझोला क्षेत्र के सेक्टर-2 बुद्धि विहार में हार्दिक पुत्र इंद्रजीत ने अपनी जुड़वां बहन हिमाशिखा उर्फ चीनी (उम्र करीब 25 वर्ष) की चाकू से वार कर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतका की मां नीलिमा की तहरीर के आधार पर थाना मझोला में मुकदमा संख्या 223/2026 धारा 103(1) व 109(1) बीएनएस के तहत आरोपी हार्दिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस के पर्यवेक्षण में थाना मझोला पुलिस की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार 7 मार्च 2026 को नामजद आरोपी हार्दिक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद कर लिया, जिसे सीज कर दिया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 4/25/27 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी हार्दिक मूल रूप से बदायूं जिले के जोगीपुरा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में मुरादाबाद के बुद्धि विहार सेक्टर-2 में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
