मुरादाबाद। कांठ रोड स्थित नामचीन टेंप्टेशन बेकरी में खाद्य विभाग के छापे के दौरान चिकन पाउडर और अन्य अनियमितताएं मिलने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष बिंदु अरोड़ा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपते हुए बेकरी संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिवसेना नेताओं ने आरोप लगाया कि होली जैसे पवित्र पर्व के दिन खाद्य विभाग की कार्रवाई में बेकरी में चिकन पाउडर और एक्सपायर मिठाइयों से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं, जो हिंदू आस्था और विश्वास के साथ खिलवाड़ है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से टेंप्टेशन बेकरी और उसके मालिकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष बिंदु अरोड़ा ने कहा कि एक पोर्टल को दिए इंटरव्यू में टेंप्टेशन बेकरी के स्वामी करणवीर सिंह ने खुद स्वीकार किया है कि उनकी फैक्ट्री और गोदाम में एक्सपायर मिठाइयों के साथ चिकन का चूरा भी बरामद हुआ था। इसके अलावा फैक्ट्री में साफ-सफाई की भी गंभीर कमी पाई गई और वहां पर्याप्त कर्मचारी भी नहीं थे। उन्होंने कहा कि अब बेकरी स्वामी इन कमियों को दूर करने की बात कहकर पूरे मामले में लीपापोती करने की कोशिश कर रहे हैं।
जिलाध्यक्ष वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है, जिसमें ग्राहकों के स्वास्थ्य के साथ खुला खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही टेंप्टेशन बेकरी के मालिकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो शिवसेना इस मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।
प्रदर्शन के बाद शिवसेना प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं प्रशासन ने ज्ञापन लेकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
