मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने शनिवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों और वीएचएसएनडी सत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत मथाना और अलीपुर खालसा में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों एवं वीएचएसएनडी सत्रों का अवलोकन किया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्री, सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता और एएनएम उपस्थित पाई गईं। वीएचएसएनडी सत्रों पर जीएमडी उपलब्ध थी और बच्चों का टीकाकरण तथा वजन किया जा रहा था।

इसके बाद सीडीओ ने ग्राम पंचायत तेलीपुरा खालसा में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां ग्राम समाज की भूमि पर बने दो आंगनवाड़ी केंद्र जर्जर अवस्था में पाए गए। भवनों की स्थिति खराब होने के कारण आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन भवन के बाहर खुले में किया जा रहा था। इस पर सीडीओ ने चिंता व्यक्त करते हुए प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों को प्राइमरी स्कूल, जूनियर हाईस्कूल, पंचायत भवन अथवा किसी अन्य सुरक्षित सार्वजनिक स्थल पर तत्काल स्थानांतरित कराया जाए।
सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को हॉट कुक्ड फूड योजना का सफल संचालन सुनिश्चित करने, वीएचएसएनडी सत्रों का नियमित आयोजन करने तथा सभी पंजीकृत लाभार्थियों का एफआरएस वेरिफिकेशन शत-प्रतिशत कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी बच्चों का वजन कर पोषण ट्रैकर पर समय से डेटा फीड करने के लिए भी कहा।
