मुरादाबाद। महानगर मे चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे कॉलोनी का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने रेलवे विभाग के एक कर्मचारी (बाबू) के घर को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। इसी बीच देर रात चोर चुपचाप घर में दाखिल हुए और पहले पूरे घर की तलाशी ली। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी टूटी हुई थी और कीमती सामान गायब था। यह नजारा देख परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा सकें। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद रेलवे कॉलोनी के निवासियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वहीं बुध बाजार चौकी प्रभारी सुनीता चौधरी ने बताया कि सुबह करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि रेलवे कॉलोनी के एक घर में अज्ञात युवकों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर ली है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
