मुरादाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से शहर के राही होटल में एक जन गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पश्चिम क्षेत्र के कार्यकारिणी सदस्य किशनचंद ने संघ की स्थापना से लेकर अब तक के 100 वर्षों के सफर पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संघ की स्थापना वर्ष 1925 में विजयदशमी के दिन डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा की गई थी। आज संघ का सेवा कार्य ‘सेवा भारती’ के माध्यम से देशभर में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम विकास, स्वरोजगार और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में व्यापक रूप से संचालित हो रहा है।
किशनचंद ने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘पांच परिवर्तन’ की अवधारणा को भी विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत परिवार सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता, आत्मबोध, जिम्मेदार नागरिकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी एवं निर्यातक अनिल रस्तोगी ने की, जबकि मंच संचालन महानगर कार्यवाह विपिन द्वारा किया गया।
आयोजन की जिम्मेदारी शरद जैन (संयोजक) और नमन (सहसंयोजक) ने संभाली। इस मौके पर नौबत सिंह पाल, छत्रपाल सिंह, उर्वशी शुक्ल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
