दिल्ली में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पेशल सेल ने मेट्रो पोस्टर मामले से जुड़े एक अहम शख्स को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी शबीर अहमद लोन बताया जा रहा है, जो आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए काम करता था और पूरे नेटवर्क को संभाल रहा था।
जांच में सामने आया है कि लोन का सीधे तौर पर उन लोगों से संपर्क था, जिन्हें पहले इस केस में पकड़ा गया था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उससे लगातार पूछताछ कर रही हैं, ताकि पूरे नेटवर्क और साजिश की गहराई से जानकारी मिल सके।
सूत्रों के मुताबिक, वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर भारत में एक नया मॉड्यूल खड़ा करने की कोशिश में था। गुप्त जानकारी मिलने के बाद उसे दिल्ली बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के लिए बता दें कि फरवरी में चलाए गए एंटी-टेरर ऑपरेशन के दौरान ही उसका नाम सामने आया था। शबीर अहमद लोन जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है और उसके बांग्लादेश में छिपकर रहने की भी बात सामने आई है।
