मुरादाबाद/कुंदरकी। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्र के भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह के अथक प्रयासों से ग्राम जैतिया सादुल्लापुर से जैतिया फिरोजपुर मार्ग पर गांगन नदी पर सेतु निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। यह परियोजना न केवल क्षेत्रीय मांगों की पूर्ति करेगी, बल्कि कुंदरकी के समग्र विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी।
करीब ₹29 करोड़ 7 लाख 74 हजार की लागत से बनने वाले इस सेतु में अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक संरचनाएं भी शामिल होंगी। वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा कराने के लिए विधायक ठाकुर रामवीर सिंह लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने शासन और प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर मजबूती से पैरवी कर इस परियोजना को मंजूरी दिलाई।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्र की जनता के विश्वास और उनके संघर्ष का परिणाम है। लंबे समय से ग्रामीणों को जलभराव, जर्जर मार्गों और जोखिम भरे आवागमन का सामना करना पड़ता था, जिससे अब स्थायी राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति केवल वादों तक सीमित नहीं है, बल्कि विकास कार्यों को जमीन पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। यह सेतु निर्माण कुंदरकी में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास और सुशासन की नई मिसाल बन रहा है, और कुंदरकी भी इस परिवर्तन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
क्षेत्र की जनता ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए विधायक ठाकुर रामवीर सिंह का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि अब “काम बोलता है, विकास जीतता है” का नारा कुंदरकी में साकार होता दिख रहा है।
