लखनऊ। उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी लखनऊ से चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। एटीएस के अनुसार ये सभी आरोपी देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।
जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी नंबरों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए अपने हैंडलर्स के संपर्क में थे। उन्हें लखनऊ समेत देश के प्रमुख संस्थानों, रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विस्फोट करने के निर्देश दिए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकिब उर्फ डेविल, विकास गहलावत उर्फ रौनक, लोकेश उर्फ बाबू उर्फ पप्पला पंडित और अरबाब के रूप में हुई है। इनमें साकिब को इस मॉड्यूल का सरगना बताया जा रहा है, जो मेरठ का रहने वाला है।
एटीएस ने आरोपियों के कब्जे से केमिकल से भरा एक कैन, 7 मोबाइल फोन, 24 पंपलेट और आधार कार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोनों से कई अहम डिजिटल सबूत मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक यह मॉड्यूल भारत में दहशत फैलाने और बड़े हमलों को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन समय रहते एटीएस की कार्रवाई से एक बड़ी साजिश नाकाम कर दी गई।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही हैं और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
