मुरादाबाद/भोजपुर। थाना भोजपुर क्षेत्र में एक महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता (वादिनी) ने थाना भोजपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया, जबकि सह-अभियुक्तों द्वारा उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
तहरीर के आधार पर थाना भोजपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त राशिद पुत्र जाहिद निवासी ग्राम लालूवाला, थाना भोजपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में अन्य सह-अभियुक्तों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी@ज़फ़र-INN
