मुरादाबाद। थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ईमानदारी और दक्षता का परिचय दिया है। पुलिस टीम ने महज कुछ ही समय में 50,000 रुपये नकद और अन्य कीमती सामान से भरा गुम बैग बरामद कर उसकी वास्तविक स्वामिनी को सुरक्षित वापस सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा निवासी एक महिला किसी कार्यवश मुरादाबाद आई थीं। वह मझोला क्षेत्र से फव्वारा तक जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थीं। सुबह लगभग 11:30 बजे वह जल्दबाजी में ऑटो से उतर गईं, लेकिन अपना बैग उसी में भूल गईं। बैग में करीब 50,000 रुपये नकद के साथ अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा हुआ था।
कुछ देर बाद जब महिला को बैग के गुम होने का अहसास हुआ तो वह घबरा गईं और तुरंत थाना सिविल लाइन्स पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना को पूरी घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय किया और खुद सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर ऑटो की पहचान में जुट गए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही संबंधित ऑटो चालक का पता लगा लिया गया और उसे थाने बुलाया गया। पूछताछ के दौरान चालक के पास महिला का बैग बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद महिला को थाने बुलाकर उनका बैग सुपुर्द किया गया। जांच में बैग में रखे 50,000 रुपये नकद और अन्य सामान पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। अपना सामान वापस मिलने पर महिला ने मुरादाबाद पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी आपात स्थिति या सामान गुम होने पर तुरंत यूपी-112 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
