दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट के उद्घाटन की तारीख तय कर दी गई है। प्रधानमंत्री Narendra Modi 14 अप्रैल को इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने भी हाल ही में इसका वीडियो साझा कर तैयारियों की जानकारी दी थी। आंबेडकर जयंती के मौके पर इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर काफी आसान हो जाएगा। अब यह दूरी करीब 213 किलोमीटर रह जाएगी और यात्रा का समय घटकर लगभग ढाई घंटे हो जाएगा, जबकि अभी यही सफर 5 से 6 घंटे में पूरा होता है।
इस परियोजना का कुछ हिस्सा पहले ही चालू किया जा चुका है। अक्षरधाम से बागपत तक करीब 18 किलोमीटर का स्ट्रेच पहले से ही लोगों के लिए खुला है। 14 अप्रैल को पूरे एक्सप्रेसवे को पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा।
करीब 13,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे उत्तर-पूर्वी दिल्ली से शुरू होकर बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक पहुंचेगा।
पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट में खास इंतजाम किए गए हैं। Rajaji National Park के इको-सेंसिटिव जोन से गुजरने वाले हिस्से में एशिया का सबसे लंबा 12 किलोमीटर का एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बनाया जा रहा है। इसके अलावा, 340 मीटर लंबी सुरंग और कई ‘एनिमल पैसेज’ भी तैयार किए गए हैं, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
