दिल्ली विधानसभा सुरक्षा चूक मामले में अब बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई टाटा सिएरा कार को बरामद कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
दरअसल, यह घटना उस समय सामने आई थी जब एक कार अचानक विधानसभा का गेट तोड़ते हुए अंदर घुस गई थी। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने की कोशिश शुरू की थी।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजकर 5 मिनट पर यूपी नंबर की सफेद टाटा सिएरा कार मॉल रोड स्थित बंद गेट को तोड़कर VIP एंट्री से परिसर में दाखिल हुई। कार चालक स्पीकर रूम के बाहर एक गुलदस्ता रखकर मौके से फरार हो गया था। इस घटना के बाद पूरे विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
चश्मदीदों के अनुसार, गेट नंबर 2 के पास अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसके बाद देखा गया कि कार गेट तोड़कर अंदर आ चुकी है। कुछ देर तक वाहन परिसर में घूमता रहा, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। थोड़ी देर बाद कार वापस मुड़ी और गेट को टक्कर मारते हुए तेजी से बाहर निकल गई।
बताया जा रहा है कि VIP गेट पर सीआरपीएफ के जवान तैनात थे, इसके बावजूद यह घटना हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि गुलदस्ते में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली और आरोपी के पास भी कुछ आपत्तिजनक नहीं पाया गया। पूरी घटना करीब पांच मिनट में हुई, जिसके बाद कार गेट नंबर 2 से बाहर निकल गई। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
