मुरादाबाद/कुंदरकी। ‘अंत्योदय’ के संकल्प और ‘राष्ट्र निर्माण’ के महान ध्येय को आत्मसात करने वाले विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर कुंदरकी क्षेत्र में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुंदरकी से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कैंप कार्यालय महर्षि दयानंद सरस्वती लॉ कॉलेज, भदासना में पार्टी के संस्थापक विचारकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक ठाकुर रामवीर सिंह द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके उपरांत उन्होंने पार्टी ध्वज का विधिवत ध्वजारोहण किया और उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि यह हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए सेवा, समर्पण, सुशासन और संगठन के सिद्धांतों के प्रति अपनी निष्ठा को पुनः सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करें।
इस दौरान कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया तथा पार्टी के आदर्शों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
