मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद में साफ-सफाई, फॉगिंग और जनजागरूकता गतिविधियों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्थानीय निकायों और विकास खंडों में पूरी गंभीरता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पिछले वर्ष चिन्हित हाई रिस्क गांवों और वार्डों में व्यापक स्तर पर सफाई और फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि इस वर्ष संक्रमण का खतरा न्यूनतम किया जा सके।

सीडीओ ने पशुपालन विभाग को मुंडापांडे, बिलारी और कुंदरकी क्षेत्रों में शूकर पालकों के संवेदीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जागरूकता ही संक्रमण की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
शिक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को हाथ धोने के सही तरीके और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने बताया कि पर्सनल हाइजीन संक्रामक रोगों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए इसे व्यवहार में लाना जरूरी है।
इसके साथ ही कुपोषण के मुद्दे पर भी सीडीओ ने सख्त रुख अपनाया।

उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि गंभीर अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जाए और उन्हें सुपोषण की श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने अभिभावकों को जागरूक करने पर भी विशेष बल दिया।
बैठक में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें डॉ. संजीव बेलवाल, डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, आलोक शर्मा, देवेंद्र पांडे और विमलेश कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे।
