असम विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया है और इसकी गूंज दिल्ली तक सुनाई दे रही है। कांग्रेस और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने हाल ही में सरमा और उनकी पत्नी रिंकी भुइंया सरमा पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद सरमा की पत्नी ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
इसी शिकायत के आधार पर मंगलवार को असम पुलिस की टीम, दिल्ली पुलिस के सहयोग से, पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची। हालांकि, उस समय खेड़ा घर पर मौजूद नहीं थे और बताया जा रहा है कि वे दिल्ली से बाहर हैं।
दरअसल, कांग्रेस नेताओं पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने कुछ दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री सरमा से उनकी पत्नी और परिवार की कथित विदेशी संपत्तियों और कंपनियों को लेकर सवाल उठाए थे। खेड़ा ने यह भी दावा किया था कि सरमा की पत्नी के पास तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट हैं। ये आरोप मतदान से ठीक पहले सामने आए, जिससे राजनीतिक विवाद और गहरा गया।
कांग्रेस की ओर से मांग की गई है कि मुख्यमंत्री इन आरोपों पर चुनाव आयोग के सामने स्पष्ट जानकारी और हलफनामा दें। वहीं, सरमा ने इन सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है और उनकी पत्नी ने इसी सिलसिले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
