अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की कड़ी चेतावनियों के बीच ईरान ने देशभर के युवाओं से एकजुट होने की अपील की है।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार ने विश्वविद्यालयों के छात्रों, कलाकारों, खिलाड़ियों और विभिन्न युवा संगठनों से 7 अप्रैल को पावर प्लांट्स के आसपास मानव श्रृंखला बनाने का आह्वान किया है। इसका उद्देश्य अमेरिकी हमले की आशंका के खिलाफ सार्वजनिक ढांचे की सुरक्षा के समर्थन में प्रदर्शन करना बताया गया है।
इससे पहले ट्रम्प ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने और संघर्ष विराम के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जिसकी समयसीमा आज रात समाप्त हो रही है।
सोमवार को ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका के पास ईरान के खिलाफ ठोस रणनीति है और जरूरत पड़ने पर कम समय में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि कुछ ही घंटों में ईरान के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को गंभीर नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने साफ कहा है कि शीर्ष सैन्य अधिकारियों की हत्या से देश की ताकत और हौसला कमजोर नहीं होगा। यह बयान उस घटना के बाद आया है, जिसमें ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खदेमी की सोमवार को हत्या कर दी गई।
खामेनेई ने खदेमी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कई दशकों तक सुरक्षा, खुफिया और रक्षा क्षेत्र में अहम भूमिका निभाई।
अपने लिखित बयान में उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान की सेना और लड़ाके पूरी तरह एकजुट हैं और आतंकवाद या आपराधिक घटनाएं उनके मनोबल को नहीं तोड़ सकतीं।
बताया जा रहा है कि खदेमी IRGC के सबसे वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल थे। वहीं, सोमवार को इजराइली सेना ने दावा किया कि उसकी वायु सेना ने कुद्स फोर्स के स्पेशल ऑपरेशंस यूनिट के कमांडर असघर बघेरी को भी मार गिराया है। हालांकि, तेहरान की ओर से इस दावे पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
