मुरादाबाद। जनपद के थाना डिलारी क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक यूसुफ (उम्र लगभग 23 वर्ष), निवासी ग्राम मानपुर सतीब, न केवल एक होनहार छात्र था बल्कि एमबीबीएस की तैयारी कर रहा था और सेकंड ईयर में अध्ययनरत बताया जा रहा है। उसकी असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना 6 अप्रैल 2025 की सुबह करीब 10:40 बजे की है, जब यूसुफ अपनी मोटरसाइकिल (नंबर UP 21CC 4085) से डिलारी-दिलारी मार्ग पर ठाकुरद्वारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक (नंबर UP 23 T 9696) ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जैसे ही यह दुखद खबर गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने धारक नगला चौराहे पर चौकी के सामने लगभग आधा घंटा जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही भोजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार और भगतपुर थाना प्रभारी राजीव शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम खुलवाया।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक नाजिम, निवासी ग्राम अब्दुल्लापुर थाना मैनाठेर, के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
