मुरादाबाद। सर्किट हाउस सभागार में मा. सांसद कुमार रानी रुचि वीरा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ ही कई विभागों की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाया गया।
बैठक के दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, बीएसएनएल तथा पर्यावरण विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाधिकारी अनुज सिंह को निर्देशित किया कि सभी गैरहाजिर अधिकारियों को तत्काल स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया जाए।

टीबी उन्मूलन पर जोर, मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश
टीबी रोग उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए सांसद ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह से जिले में उपलब्ध पोर्टेबल अत्याधुनिक मशीनों की जानकारी ली। वर्तमान में केवल एक मशीन उपलब्ध होने पर उन्होंने असंतोष जताया और निर्देश दिए कि जनसंख्या के अनुरूप कम से कम 10 मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि रोगियों की समय पर पहचान और उपचार हो सके।

शिक्षा में पारदर्शिता और समानता पर बल
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए सांसद ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी नियमों का पालन करते हुए गरीब और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जाए। एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने भी कहा कि किसी भी बच्चे के साथ भेदभाव न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

एलपीजी और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा
जिले में एलपीजी की उपलब्धता पर जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 57 गैस एजेंसियों के माध्यम से आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। वहीं जल जीवन मिशन के लंबित कार्यों पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर एजेंसियों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान निकालें, ताकि पेयजल आपूर्ति और सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाई जा सके।

महिला सशक्तिकरण और कृषि नवाचार पर फोकस
स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए सांसद ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को नई तकनीकों और नवाचारों की जानकारी मिल सके।

आवारा पशु और गुलदार से सुरक्षा पर सख्ती
आवारा पशुओं और गुलदार की समस्या को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। डीएफओ ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए पांच पिंजरे लगाए गए हैं और टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएं।
बैठक में एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी गोपाल अंजान, जिलाधिकारी अनुज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, परियोजना निदेशक श्वेतांक पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
