मुरादाबाद। मंगलवार को कुंदरकी क्षेत्र में विधायक ठाकुर रामवीर सिंह की पहल पर ब्लॉक सभागार कुंदरकी एवं मूंढापांडे में राशन कार्ड वितरण शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस शिविर ने क्षेत्र के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों के लिए बड़ी राहत का कार्य किया।

विधायक द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति विभाग ने सभी आवेदनों का विधिवत सत्यापन कराया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र पाए गए लाभार्थियों को राशन कार्ड जारी किए गए।

शिविर के दौरान कुल 260 लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किए गए, जिससे वे अब सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

शिविर में राशन कार्ड प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। कई लाभार्थियों ने बताया कि लंबे समय से वे इस सुविधा के इंतजार में थे और अब उन्हें सरकार की खाद्य सुरक्षा योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।

इस मौके पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि “कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए जनसुनवाई के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।”
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पूर्ति विभाग के अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में व्यवस्थाएं सुचारू रहीं और लाभार्थियों को बिना किसी परेशानी के राशन कार्ड वितरित किए गए।
