मुरादाबाद। नगर निगम में प्रदेश सरकार द्वारा नामित दस पार्षदों ने मंगलवार को औपचारिक रूप से पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। यह शपथ ग्रहण समारोह नगर निगम सभागार में आयोजित हुआ, जहां महापौर विनोद अग्रवाल ने सभी पार्षदों को शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान शहर के जनप्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधि संस्थाओं से जुड़े सदस्यों और भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी भाग लिया।
शपथ ग्रहण के बाद महापौर विनोद अग्रवाल ने नव-नामित पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के समग्र और संतुलित विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने पार्षदों से अपेक्षा जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ करेंगे तथा आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
इस मौके पर विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने पार्षदों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे जनता और प्रशासन के बीच सेतु का काम करते हैं, इसलिए उन्हें जनसमस्याओं को गंभीरता से उठाकर उनके समाधान में सक्रिय रहना चाहिए।
एमएलसी गोपाल अंजान ने भी सभी जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर शहर के विकास को गति देने का आह्वान किया।
समारोह में अमित सिंह मिंटू, अभिनव बंसल, विकल वाल्मीकि, हरीश प्रजापति, कुलदीप विश्नोई, दीपक यादव, ज्योति बंसल, हेमा खत्री और कमल गुलाटी ने शपथ ली। सभी पार्षदों ने शहर के विकास, स्वच्छता और जनसेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में नगर विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह सहित निगम के अन्य अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की।
शपथ ग्रहण के बाद महापौर ने पीलीकोठी स्थित कैंप कार्यालय में एक समीक्षा बैठक भी की, जिसमें शहर की प्रमुख समस्याओं, चल रहे विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
