देश के सेंट्रल बैंक भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने वित्त वर्ष 2027 के लिए अपनी मौद्रिक नीति का ऐलान कर दिया। लगातार दूसरी बार RBI ने रेपो रेट 5.25% पर ही बरकरार रखने का फैसला किया है। दिसंबर 2025 में RBI ने रेपो रेट में 0.25% की कटौती की थी। इस साल की शुरुआत से अब तक रेपो रेट कुल मिलाकर 1.25% घट चुका है।
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा के नेतृत्व में MPC ने SDF 5% और MSF दर 5.5% पर बनाए रखने की भी घोषणा की।
कच्चे तेल और महंगाई पर असर
गवर्नर ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी आयातित महंगाई को बढ़ा सकती है और चालू खाता घाटा (CAD) पर दबाव डाल सकती है। हालांकि, ट्रंप और ईरान के संघर्ष-विराम की वजह से तेल की कीमतें गिरकर 91 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई हैं, जिससे शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली और सेंसेक्स 2700 अंक ऊपर गया।
GDP और ग्रोथ का अनुमान
RBI ने वित्त वर्ष 2027 में GDP ग्रोथ 6.9% रहने का अनुमान लगाया है।
- Q1: 6.8%
- Q2: 6.7%
- Q3: 7%
- Q4: 7.2%
महंगाई का अनुमान
RBI के अनुसार FY27 में महंगाई 4.6% रहने की उम्मीद है।
- Q1: 4%
- Q2: 4.4%
- Q3: 5.2%
- Q4: 4.7%
कोर महंगाई 4.4% तक रहने की संभावना है।
रुपया की स्थिति
युद्ध के बाद रुपए में 4% से अधिक की गिरावट देखने को मिली थी। हालांकि हाल ही में संघर्ष-विराम के बाद रुपए में 50 पैसे की मजबूती आई और यह 92.56 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। मार्च में रुपए ने अपने रिकॉर्ड निचले स्तर 95.21 को छुआ था।
