मुरादाबाद। जनपद में फसल उत्पादकता के सटीक आकलन को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुज सिंह ने एसडीएम सदर राममोहन मीना के साथ तहसील सदर के राजस्व ग्राम मनोहरपुर में किसान विजय सिंह के खेत पर पहुंचकर क्रॉप कटिंग (फसल कटाई प्रयोग) का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप 10 मीटर समबाहु भुजा वाले त्रिभुजाकार क्षेत्र का चयन किया गया, जहां विधिवत रूप से गेहूं की फसल की कटाई कराई गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं भी खेत में उतरकर दरांती थामी और गेहूं की फसल काटी।

उनके इस कदम से न केवल किसानों में उत्साह देखने को मिला, बल्कि अधिकारियों को भी जमीनी स्तर पर कार्य की गंभीरता का संदेश गया।

जिलाधिकारी ने मौके पर किसान विजय सिंह से फसल की लागत, सिंचाई के साधनों, बीज एवं खाद के उपयोग सहित अन्य कृषि संबंधी पहलुओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग के माध्यम से प्राप्त आंकड़े किसानों की वास्तविक उपज और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं।

बताया गया कि राजस्व परिषद द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत इस वर्ष तहसील सदर में ग्राम मनोहरपुर को क्रॉप कटिंग के लिए चयनित किया गया है। इसी के अंतर्गत चिन्हित खेत में निर्धारित रकबे पर गेहूं की कटाई कराकर फसल उत्पादन का आकलन किया गया, जिससे उपज के वास्तविक आंकड़े संकलित किए जा सकें।

इस दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारीगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराया। प्रशासन का यह प्रयास किसानों की आय और उत्पादन क्षमता के सही मूल्यांकन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
