मुरादाबाद। जनता की शिकायतों के प्रभावी समाधान को लेकर शनिवार को पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं, जिनके त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने जमीन विवाद, पारिवारिक मामलों, महिला उत्पीड़न और स्थानीय स्तर की अन्य समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। एसपी सिटी ने हर शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर ने विशेष रूप से थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावशाली बनाया जाए। उन्होंने कहा कि थानों पर स्थापित महिला हेल्पडेस्क को सक्रिय और संवेदनशील बनाया जाए, जिससे महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों का समाधान थाना स्तर पर ही संभव है, उन्हें बिना देरी के वहीं निपटाया जाए। फरियादियों को अनावश्यक रूप से उच्च अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए थाना स्तर पर ही समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसपी सिटी ने सभी थाना प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहने की हिदायत दी।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस विभाग का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा और शिकायतों के त्वरित समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। इस पहल से आम जनता में विश्वास बढ़ाने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है@जफर-INN
