मुरादाबाद। कमिश्नरी सभागार में मण्डलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड, कर-करेत्तर एवं राजस्व प्राप्तियों की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा, गौ आश्रय स्थलों की चारा-व्यवस्था, जल जीवन मिशन और ग्रीष्मकाल में पशुओं के संरक्षण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षा पर फोकस, मनमानी पर कार्रवाई के निर्देश
मण्डलायुक्त ने बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। मिड-डे-मील में गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्कूलों द्वारा अभिभावकों को एक ही दुकान से किताबें खरीदने के लिए मजबूर करने की शिकायतों पर जांच कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली पर भी विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

गौशालाओं की हालत पर नाराजगी
रामपुर, बिजनौर और सम्भल की गौशालाओं की स्थिति पर असंतोष जताते हुए मण्डलायुक्त ने चारा, पानी और अन्य व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने के आदेश दिए। गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गोबर और गौमूत्र आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
गर्मी से बचाव : तालाब भरने के निर्देश
हीट स्ट्रोक से पशुओं को बचाने के लिए सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए कि सभी तालाबों को समय से भरवाया जाए। इसकी साप्ताहिक मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
जल जीवन मिशन : सड़कों की खुदाई पर सख्ती
जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सभी जिलों को ‘ए’ कैटेगरी में लाने के निर्देश दिए गए। खास तौर पर सड़कों की खुदाई के बाद मरम्मत न कराने वाले ठेकेदारों पर FIR दर्ज कराने के आदेश दिए गए।
राजस्व और योजनाओं में सुधार के निर्देश
राजस्व वसूली में तेजी लाने, सीएम डैशबोर्ड पर पिछड़ रही योजनाओं को सुधारने और जनसुनवाई शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। फीडबैक प्रतिशत 35% होने पर नाराजगी जताते हुए इसे 100% तक पहुंचाने को कहा गया।
बिजली, राशन और सड़क पर भी सख्ती
गर्मी में बिजली आपूर्ति सुचारू रखने, फुंके ट्रांसफार्मर तुरंत बदलने और जर्जर तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। 65 खाली राशन दुकानों को जल्द आवंटित करने और सभी सड़कों को गड्ढामुक्त रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी सम्भल राजेन्द्र पैंसिया, जिलाधिकारी बिजनौर श्रीमती जसजीत कौर, जिलाधिकारी रामपुर अजय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी अमरोहा डॉ. नितिन गौड़, मुख्य विकास अधिकारी मुरादाबाद सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य विकास अधिकारी अमरोहा, बिजनौर, सम्भल एवं रामपुर, अपर आयुक्त (प्रथम) अरुण कुमार सिंह, अपर आयुक्त (द्वितीय) शशि भूषण, डिप्टी कमिश्नर गजेन्द्र प्रताप सिंह सहित मण्डल स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
