मुरादाबाद। नगर निगम मुरादाबाद और स्मार्ट सिटी मुरादाबाद की ओर से पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर एक नई पहल की शुरुआत की गई है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के नेतृत्व में शहर के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ई-साइकिल उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि लोगों को प्रदूषण मुक्त परिवहन के प्रति जागरूक किया जा सके और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम की जा सके।

इसी अभियान के तहत शुक्रवार को जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया और नगर विधायक रितेश गुप्ता ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की “ईंधन बचाओ” सोच को आगे बढ़ाते हुए अपने आवास से कार्यालय तक ई-साइकिल से सफर किया। इस दौरान दोनों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन ई-साइकिल, साइकिल या अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग जरूर करें।
जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि बढ़ती ईंधन खपत और प्रदूषण आज गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में वैकल्पिक परिवहन को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि लोग छोटी दूरी तय करने के लिए ई-साइकिल का प्रयोग शुरू करें तो इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

वहीं सदर विधायक रितेश गुप्ता ने युवाओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी अब नियमित रूप से ई-साइकिल के उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं। उनका कहना है कि यह पहल शहर में प्रदूषण कम करने के साथ-साथ लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करेगी। आने वाले समय में इस अभियान को और बड़े स्तर पर चलाया जाएगा।

शहरवासियों ने भी नगर निगम की इस पहल की सराहना की है। लोगों का मानना है कि जब प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि स्वयं ई-साइकिल का उपयोग करेंगे, तो आम जनता भी प्रेरित होगी और शहर में स्वच्छ एवं हरित परिवेश की दिशा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
