पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के राजा बाजार इलाके में शुक्रवार को सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। जुमे की नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क पर इकट्ठा हुए थे, तभी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से सड़क खाली करने की अपील करने लगी। इस दौरान कुछ देर तक बहस और नारेबाजी हुई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
दरअसल, राज्य सरकार ने हाल ही में सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी तरह की धार्मिक गतिविधियों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। इसी आदेश के तहत पुलिस प्रशासन ने राजा बाजार इलाके में सड़क पर नमाज अदा करने से रोकने की कोशिश की। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कई वर्षों से जुमे की नमाज सड़क पर पढ़ी जाती रही है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
इस मुद्दे पर बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। बीजेपी विधायक Arjun Singh ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर धार्मिक गतिविधियों की अनुमति नहीं होनी चाहिए और लोगों को धार्मिक स्थलों पर ही इबादत करनी चाहिए।
