झारखंड के रामगढ़ जिले के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिके प्लांट में देर रात बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के कंट्रोल रूम में अचानक आग भड़कने से वहां मौजूद कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल आग किस वजह से लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
वहीं, कुछ दिन पहले दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में भी इसी तरह का बड़ा हादसा हुआ था। यहां एक ट्रक में लदे सिलेंडरों में धमाका होने के बाद आग लग गई थी। पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त CNG पंप पर रिफिलिंग का काम चल रहा था। धमाके की चपेट में आने से CNG भरने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना दोपहर करीब 3:46 बजे दमकल विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
