मुरादाबाद। थाना नागफनी क्षेत्र में पीतल कारोबारी के घर हुई सनसनीखेज डकैती की घटना का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन और शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 23 लाख 5 हजार रुपये, अवैध तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि 11 मई 2026 की रात थाना नागफनी क्षेत्र स्थित अकबर कंपाउंड निवासी पीतल कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर पर बदमाशों ने धावा बोल दिया था। आरोपियों ने तमंचों के बल पर परिवार को आतंकित कर नगदी और सोने के आभूषण लूट लिए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने पहले चरण में 14 मई को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था। उस दौरान पुलिस ने 47 लाख 24 हजार रुपये की नकदी, अवैध हथियार और दो कारें बरामद की थीं।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर तीन अन्य आरोपियों — नदीम, बिट्टू उर्फ सतेंद्र और आदित्य — के नाम भी सामने आए थे। थाना नागफनी पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 23 लाख 5 हजार रुपये की नकदी, तीन स्मार्टफोन तथा घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम पुत्र जमील निवासी पपसरा खादर थाना गजरौला, बिट्टू उर्फ सतेंद्र पुत्र शीशपाल तथा आदित्य पुत्र ब्रह्मपाल निवासी तिगरिया भूड़ थाना गजरौला जनपद अमरोहा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को थाना नागफनी पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार, उपनिरीक्षक सनुज कुमार, तेजेंद्र सिंह, केशव त्यागी, नरेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
