कांठ रोड पर मचा हड़कंप, फायर सेफ्टी इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल
मुरादाबाद। शहर के व्यस्त कांठ रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पार्किंग में खड़ी दो कारें देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगीं। कुछ ही मिनटों में दोनों वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आकर राख में तब्दील हो गए।

घटना के दौरान पार्किंग परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कारों से उठती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही लोग अपनी गाड़ियां हटाने और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों कारें पूरी तरह जल चुकी थीं। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास खड़े अन्य वाहन सुरक्षित बच गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और वाहन स्वामियों ने मॉल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि पार्किंग और परिसर में लगे अग्निशमन उपकरण मौके पर काम नहीं कर रहे थे। आरोप है कि यदि फायर सेफ्टी सिस्टम सही स्थिति में होता तो आग को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सकता था।

कार मालिक विशाल और जुनैद ने बताया कि हादसे के दौरान उन्होंने मॉल कर्मचारियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन वहां मौजूद अग्निशमन उपकरण बेकार साबित हुए। उनका कहना है कि दोनों वाहन पूरी तरह ठीक हालत में थे और उनमें पहले से किसी तकनीकी खराबी की कोई समस्या नहीं थी। उन्होंने पूरे मामले में मॉल प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सिविल लाइंस थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद शहर के बड़े मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी व्यावसायिक परिसरों की फायर सेफ्टी ऑडिट कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
