मुरादाबाद। कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने वाली मुरादाबाद की यूपी-112 पीआरवी 7316 की टीम को लखनऊ मुख्यालय द्वारा ‘PRV OF THE DAY’ सम्मान से नवाजा गया है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल डीसीएम चालक की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को यह सम्मान प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को थाना पाकबड़ा क्षेत्र के हकीमपुर रोड पर सुबह करीब 6 बजे एक सड़क दुर्घटना की सूचना यूपी-112 को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पीआरवी 7316 पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। दुर्घटना में डीसीएम चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया था और गंभीर रूप से घायल होने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था।
पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए चालक को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली सहायता के कारण चालक का जीवन बचाया जा सका। पुलिसकर्मियों की इस सराहनीय कार्यशैली की पूरे विभाग में प्रशंसा हो रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर यूपी-112 मुख्यालय, लखनऊ के पुलिस महानिदेशक श्री विनोद कुमार सिंह ने पीआरवी टीम की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘PRV OF THE DAY’ सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

शनिवार को जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात एवं नोडल अधिकारी यूपी-112 सुभाष चंद्र गंगवार ने पीआरवी 7316 पर तैनात मुख्य आरक्षी विशेष सत्यपाल, आरक्षी पंकज कुमार तथा चालक सतेन्द्र सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी ने कहा कि मुरादाबाद पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यूपी-112 की टीमों का उद्देश्य हर जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्ति तक न्यूनतम समय में सहायता पहुंचाना है, और पीआरवी 7316 की टीम ने अपने उत्कृष्ट कार्य से पूरे पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है@जफर/INN
